किसानों को ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने के लिए ठेका लेने वाली बंगलूरू की कंपनी ने हाथ खड़े कर दिए हैं। कंपनी को सितंबर 2019 में दक्षिण हरियाणा के 11 जिलों में 18 हजार 936 ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने के लिए वर्क ऑर्डर दिया गया था। इसी मई महीने तक काम पूरा करना था। मगर कंपनी 4 हजार कनेक्शन भी नहीं दे पाई। आखिरकार किसानों की ओर से लगातार की जा रही मांग को देखते हुए निगम प्रबंधन ने लोकल ठेकेदारों से काम करवाने का फैसला लिया है। अब कंपनी को सिर्फ वही 4082 कनेक्शन जारी करने हैं, जिस पर उसने काम शुरू किया हुआ है। यह काम भी इसी साल 14 अगस्त तक पूरा करना है। शेष बचे 14 हजार 854 ट्यूबवेल कनेक्शन पहले चरण में खुद बिजली निगम जारी करेगा। (संवाद)
सबसे पहले 3045 ट्यूबवेल कनेक्शन होंगे जारी
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम प्रबंधन द्वारा पहले चरण में फतेहाबाद, नारनौल, रेवाड़ी और पलवल के 3045 ट्यूबवेल कनेक्शन जारी होंगे। इसके लिए टेंडर लगा दिया गया है। इन किसानों ने सिक्योरिटी राशि व एस्टीमेट सहित अन्य राशि भी जमा करवा दी है। इसके बाद 7876 एलटी कनेक्शन भी जारी होंगे। इन कनेक्शनों को जारी करने की मंजूरी मार्च महीने में हुई डायरेक्टर्स की बैठक में मिल चुकी है।
पूरे डीएचबीवीएन में 32 हजार से अधिक ट्यूबवेल कनेक्शन मिलेंगे
निगम प्रबंधन के निर्णयों के अनुसार पूरे डीएचबीवीएन क्षेत्र में 32 हजार से अधिक ट्यूबवेल कनेक्शन जारी होंगे। इनमें से 25 हजार कनेक्शन निगम प्रबंधन अपने पैनल के ठेकेदारों के माध्यम से जारी करेगा। इसके बाद बड़े स्तर पर किसानों को फायदा होगा, उन्हें सिंचाई के लिए परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
कोट
कंपनी को मई 2021 तक काम पूरा करना था। मगर कंपनी की परफार्मेंस बढ़िया नहीं रही। इसलिए हम अपने स्तर पर ठेकेदारों से ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करवाएंगे। पूरे डीएचबीवीएन में फेज वाइज 32 हजार कनेक्शन जारी होने हैं।
-राकेश कुमार सोढ़ा, निदेशक (ऑपरेशन), डीएचबीवीएन।