रतिया कोर्ट में बैजलपुर हत्याकांड के आरोपियों को पेश करती रतिया पुलिस।
- फोटो : amarujala beuro
सीआईए स्टाफ की ओर से बैजलपुर के प्रॉपर्टी डीलर नरेश कुमार की हत्या के मामले में हथियारों सहित गिरफ्तार किए गए तीन मोस्टवांटेड आरोपियों को वीरवार को रतिया की अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें हत्या की जांच को लेकर भूना थाने के हवाले कर दिया गया।
सीआईए स्टाफ ने गत रात्रि को फतेहाबाद रोड पर स्थित हैफेड कॉम्प्लेक्स के पास बिना नंबर के बाइक पर सवार तीन युवकों राकेश उर्फ मुखी, रोहताश व मेवा सिंह को तीन पिस्तौल व कारतूसों सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर नरेश कुमार निवासी बैजलपुर की हत्या करने के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। हालांकि सीआईए स्टाफ ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया था, लेकिन इसके बाद पुन: अदालत में पेश कर उन्हें भूना थाना की थाना प्रभारी बिमला रानी को सौंप दिया गया। सीआईए स्टाफ के इंचार्ज अनूप सिंह ने बताया कि नरेश कुमार बैजलपुर की जो हत्या की गई थी उसका मामला भूना थाना में दायर था। अदालत के माध्यम से ही आरोपियों को उपरोक्त थाने को सौंप दिया गया है। भूना पुलिस अपने स्तर पर हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पूछताछ करेगी और हत्या में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी करेगी।