जाखल। पुलिस ने टैंट हाउस संचालक को पैसों के शुद्धिकरण का झांसा देकर उससे हजारों रुपये लेकर फरार हुए बाबा को गिरफ्तार कर लिया है। फर्जी बाबा की पहचान सिरसा जिले के गांव मोरीवाला निवासी सतपाल नाथ के रूप में हुई है। जाखल थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने 26 नवंबर को गांव सिधानी निवासी शुभम की शिकायत पर केस दर्ज किया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसकी गांव में ही शिव भोले टैंट हाउस के नाम से दुकान है। उसके पास कार में भगवे रंग की चादर बांधे युवक आया और कहा कि उसकी जेब में जितने भी पैसे है, वह उसे दे दे। वह उनका शुद्धिकरण करके वापस कर देगा। बाबा की बातों में आकर उसने अपनी जेब से 24 हजार रुपये निकाले और बाबा को दे दिए।
इसके बाद बाबा ने उसे बातों में उलझा लिया और उससे 24 हजार रुपये लेकर गाड़ी में बैठकर फरार हो गया। बाद में उसे ठगी का अहसास हुआ तो उसने पुलिस को शिकायत दी। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गांव तलवाड़ा से गिरफ्तार किया है।