टोहाना। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गांव सिम्बलवाला में सुपरवाइजर करमजीत कौर की अध्यक्षता में राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं और किशोरियों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आर्थिक सशक्तिकरण के बारे में जागरूक किया गया। सुपरवाइजर करमजीत कौर ने महिलाओं को हरियाणा सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘किशोरी एवं महिला सम्मान योजना’ के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम में स्वच्छता पर स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए एक आकर्षक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, गंदगी से फैलने वाली बीमारियों से बचाव और स्वच्छ पर्यावरण के लाभों के बारे में संदेश दिया गया। दर्शकों ने नाटक की प्रस्तुति को सराहा और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। किशोरियों को निशुल्क सेनेटरी नैपकिन वितरित किए गए।