भट्टूकलां। क्षेत्र में नशे की बढ़ती समस्या पर रोक लगाने के उद्देश्य से नशामुक्ति सेना की बैठक आयोजित हुई जिसमें स्थानीय स्तर पर संगठन की इकाई गठित करने पर सहमति बनी। बैठक में विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने भाग लेते हुए नशे के खिलाफ संयुक्त संघर्ष का संकल्प लिया।
बैठक में नशामुक्ति सेना के संयोजक भवानी सिंह तथा जिलाध्यक्ष मोहन गढ़वाल सरपंच की टीम पहुंची। उपस्थित सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र में बढ़ते नशे के खतरे पर चिंता जताई। इस दौरान तय किया गया कि भट्टू क्षेत्र में नशामुक्ति सेना की इकाई जल्द गठित की जाएगी जो नशे के खिलाफ जागरूकता और कार्रवाई की दिशा में कार्य करेगी।
संयोजक भवानी सिंह ने कहा कि राजस्थान सीमा से सटे होने के कारण क्षेत्र में नशा तस्करों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि समय रहते समाज जागरूक नहीं हुआ तो युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि उन लोगों तक पहुंचना भी है जो युवाओं को नशे की ओर धकेल रहे हैं। इसके लिए पुलिस प्रशासन के सहयोग की भी आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने युवाओं को खेल और शिक्षा की दिशा में आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नशे के खिलाफ अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस मुहिम से जुड़ सकें। इस अवसर पर गर्व सैनिक संगठन से दिनेश माचरा, सहारा एक उम्मीद संस्था से नरेंद्र कुमार लूणा, खुशी एक उम्मीद संस्था से प्रमोद गोयल व गोपाल, व्यापार मंडल प्रधान प्रमोद गोयल, सतबीर दुपका, रविन्द्र ढाका और अनिल नंबरदार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।