फतेहाबाद। जिले के पुराने मालवाहक और बड़े यात्री वाहनों की आने वाले समय में फिटनेस जांच नहीं होगी। वाहन मालिकों की शिकायत रहती थी कि कई बार अधिकारी कमी बताकर जानबूझकर पासिंग नहीं करते। अब परिवहन विभाग जिला मुख्यालय के सिरसा रोड पर बनी नई अनाज मंडी के पास ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) शुरू करने जा रहा है।
इस स्टेशन पर पुराने मालवाहक और बड़े यात्री वाहनों की फिटनेस जांच आधुनिक मशीन से की जाएगी। जांच की रिपोर्ट के आधार पर ही वाहनों की फिटनेस पासिंग की जाएगी। इससे वाहन फिटनेस जांच की प्रक्रिया में मशीनों की भूमिका बढ़ने के साथ पारदर्शिता आने की उम्मीद है।
एटीएस में वाहन को निर्धारित टेस्टिंग प्रक्रिया से गुजारा जाएगा। इस दौरान ब्रेक, स्टीयरिंग, सस्पेंशन, लाइट, पहिये और अन्य जरूरी तकनीकी हिस्सों की जांच की जाएगी।
मशीनों से प्रत्येक परीक्षण के परिणाम दर्ज किए जाएंगे। वाहन निर्धारित मानकों पर खरा उतरता है तो उसकी फिटनेस रिपोर्ट तैयार होगी। मानकों में कमी मिलने पर रिपोर्ट में संबंधित तकनीकी खामी दर्ज की जाएगी और वाहन को फिटनेस के लिए दोबारा जांच प्रक्रिया से गुजरना पड़ सकता है। संवाद
इमारत बनकर तैयार, जल्द शुरू होने की उम्मीद :
परिवहन विभाग ने नई अनाज मंडी के पास ऑटोमेटेड वाहन टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) तैयार कर दिया है। जल्द ही जिला अधिकारी स्टेशन में लगी मशीनों का निरीक्षण कर इसकी शुरुआत करेंगे। यहां वाहनों की फिटनेस जांच निर्धारित मानकों के अनुसार मशीनों से की जाएगी। कमी मिलने पर रिपोर्ट तैयार होगी और वाहन मालिक को उसे दूर करवाना होगा। मानकों पर खरा उतरने के बाद ही पासिंग प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अब कागजी प्रक्रिया के साथ मशीनों की रिपोर्ट भी महत्वपूर्ण होगी।
परीक्षणों का रिकॉर्ड भी किया जाएगा तैयार
खराब या तकनीकी रूप से असुरक्षित वाहनों की पहचान होने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में भी मदद मिल सकती है। एटीएस में जांच की प्रक्रिया स्वचालित होने के कारण वाहन की फिटनेस से जुड़े विभिन्न परीक्षणों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। इससे वाहन की फिटनेस जांच से संबंधित जानकारी को सुरक्षित रखने में सुविधा होगी।
::::::::::::::
मुख्यालय की ओर से इस स्टेशन का निर्माण करवाया गया है। स्टेशन पर वाहनों की फिटनेस जांच आधुनिक मशीनों के माध्यम से की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही वाहनों की फिटनेस पासिंग की जाएगी। जल्द ही इस स्टेशन के शुरू होने की उम्मीद है।
संजय बिश्नोई, आयुक्त, परिवहन विभाग फतेहाबाद।