वारदात का सीसीटीवी फुटेज वायरल।
- फोटो : 1
टोहाना। शहर के मुख्य बस स्टैंड के सामने स्थित कृष्णा कॉलोनी में बुधवार रात एक 10 वर्षीय बच्चे के अपहरण का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को कंबल से ढकने का प्रयास करता दिखाई दे रहा है। हालांकि बच्चा समय रहते भागने में सफल रहा और उसकी जान बच गई।
पीड़ित की बहन ईशाल गोयल ने बताया कि उनका 10 वर्षीय भाई भावेश घर के पास स्थित डेयरी से लस्सी लेने गया था। इसी दौरान मुंह ढके कंबल के साथ एक व्यक्ति उसके पीछे आया और बच्चे पर कंबल डालने का प्रयास किया। भावेश ने तुरंत भागकर खुद को बचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। घटना की सूचना तुरंत शहर पुलिस को दी गई। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
भावेश के पिता राजेंद्र ने बताया कि उनके बेटे के अपहरण का प्रयास किया गया था, जिसकी सीसीटीवी फुटेज और लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।