फतेहाबाद। गांव बीघड़ में प्रेम विवाह करने वाली युवती और उसके ससुर पर घर में घुसकर हमला कर दिया गया। हमले में गर्भवती युवती घायल हो गई। जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया और यहां से अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। इस मामले में सदर पुलिस ने गांव बीघड़ निवासी सकीना के बयान पर आरोपी गांव बीघड़ निवासी आरोपी प्रदीप, विनोद, बबलू, राकेश, रोशन, पवन, अनिल, मोनू, सैमा सरदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दिए बयान में गांव बीघड़ निवासी सकीना ने बताया कि उसने पिछले साल अगस्त में गांव बीघड़ निवासी कोमल के साथ प्रेम विवाह किया था। विवाह से मेरे परिवार को कोई एतराज नहीं है। होली पर्व पर अपने घर बीघड़ आए हुए थे। सोमवार को वह और उसका ससुर घर पर थे और पति और सास घर से बाहर गए हुए थे। इस दौरान घर का गेट खोलकर उक्त आरोपी अंदर आ गए और उन्होंने ससुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और एक आरोपी ने पेट में लात मार दी जबकि वह चार माह की गर्भवती है। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।