जाखल की बाजीगर बस्ती में शुक्रवार देर शाम को नशा तस्करी कर रहे लोगों को पकड़ने थाना प्रभारी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावर नशा तस्करी कर रहे एक युवक को छुड़ाने में भी कामयाब हो गए। मगर पुलिस ने मौके से एक युवक को काबू कर उससे नशे में प्रयुक्त होने वाली 140 गोलियां बरामद कर ली। वहीं, पुलिस टीम पर हुए हमले में एक एएसआई भी घायल हो गया।
जाखल थाना पुलिस ने इस मामले में तीन महिलाओं सहित छह लोगों को नामजद करते हुए चार-पांच अन्य के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। घायल एएसआई को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पिछले दो महीनों में इसी जगह पर नशा तस्करों द्वारा पुलिस टीम पर हमला करने की यह दूसरी घटना है। करीब तीन महीने पहले भी सीआईए स्टाफ पर भी इसी तरह से लोगों ने हमला कर नशा तस्करों को छुड़ाने का प्रयास किया था।
पुलिस को देखकर मकान में घुस गए आरोपी
एएसआई कृष्ण कुमार की शिकायत पर दर्ज किए गए मामले के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजीगर बस्ती में नशा तस्करी की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने बस्ती में जाकर दबिश दी तो दो युवक हरपाल उर्फ पाली व छिंदर को सरेआम नशा बेचते हुए पाया गया। पुलिस ने जैसे ही दोनों युवकों को पकड़ने का प्रयास किया तो वह भागकर अपने मकान में चले गए। पुलिस ने जैसे ही वहां पर इनको पकड़ना चाहा तो मकान के अंदर से निकलकर अन्य महिलाएं व पुरुष भी आ गए। उन्होंने पुलिस टीम को घेर कर पकड़े गए दोनों आरोपियों को छुड़ाने के लिए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि इन लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई भी की। इतना कुछ होने के बावजूद पुलिस ने हरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से 140 गोलियां बरामद की। मगर एक आरोपी छिंदर वहां से भागने में कामयाब हो गया। पुलिस ने एएसआई कृष्ण कुमार की शिकायत पर हरपाल उर्फ पाली, छिंदर, जोगिंदरो देवी, पासो देवी, पम्मी देवी, सोमा को नामजद करते हुए चार-पांच अन्य पर धारा 186, 224, 225, 332, 353 22 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
कोट
आरोपी हरपाल को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया है, जहां से उसे हिसार जेल भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
विजेंद्र सिंह, प्रभारी, जाखल पुलिस थाना।