जिला मुख्यालय पर निर्माणाधीन ट्रैक के कारण खाली जगह पर तैयारी करते खिलाड़ी। संवाद
फतेहाबाद। जिले में खेल सुविधाओं की कमी और सीमित संसाधनों के बावजूद यहां के एथलीट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। गांव बनगांव निवासी दीपिका, ज्योति और पूनम ने भाला फेंक में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। वहीं टोहाना खंड से पूजा पारता ने ऊंची कूद में अपनी पहचान बनाई है।
इसके अलावा भूना खंड के गांव बैजलपुर निवासी पूजा ओला ने विदेशों में आयोजित हुई 800 और 1500 मीटर दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। इन उपलब्धियों से अलग जिला मुख्यालय में लंबे समय से बन रहा सिंथेटिक ट्रैक आज भी अधूरा पड़ा है। ऐसे में खिलाड़ी पुराने और असुविधाजनक मैदानों में अभ्यास करने को मजबूर हैं जिससे उनके अभ्यास प्रभावित हो रहा है। जिला मुख्यालय पर कोच सुंदर इन खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देते है। गांव भोड़िया खेड़ा के इस खेल में मैदान में सुबह-शाम करीब 50 खिलाड़ी तैयारी करते हैं।
चोटिल होने का खतरा
जिले में बड़ा खेल मैदान मौजूद है फिर भी खिलाड़ी छोटे और सीमित जगह में अभ्यास कर रहे हैं। इस स्थिति का असर उनके प्रदर्शन पर पड़ता है और चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है। ग्रामीणों ने कई बार प्रशासन से मांग उठाई है कि सिंथेटिक ट्रैक का काम जल्द पूरा किया जाए ताकि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिल सके और वे अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर सकें।
स्कूली गेम्स में जिले के नाम कई राज्य व राष्ट्रीय पदक
जिले में स्कूली गेम्स में जिले के कई खिलाड़ियों ने नाम रोशन किया है। जिले के भट्टू निवासी रजत ने ट्रिपल जंप स्पर्धा में राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता है। वहीं खिलाड़ी कोविद यादव ने लंबी कूद स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक व कांस्य पदक ट्रिपल जंप में हासिल किया है। खिलाड़ी अनमोल ने भी राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित स्कूली प्रतियोगिता में लंबी कूद व ट्रिपल जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है।
जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। समस्या केवल बुनियादी ढांचे की है जो खिलाड़ियों के विकास में बाधा बन रही है। खिलाड़ियों को पूरी सुविधाएं देने के लिए प्रशासन व सरकार को ध्यान देना चाहिए।
- विकास, खिलाड़ी।
-
सरकार की ओर से जिला मुख्यालय पर ट्रैक के निर्माण का कार्य चल रहा है। इसका काम काफी बार रुक रहा है जिस कारण मैदान के खाली हिस्से वाली जगह पर खिलाड़ी तैयारी कर रहे हैं।
- देव शर्मा, खिलाड़ी।