फतेहाबाद। आशा वर्कर्स यूनियन संबंधित सीटू की बैठक रविवार को बीघड़ रोड स्थित सीटू कार्यालय में हुई। जिस में फैसला लिया गया कि 1 मई को मजदूर दिवस मनाया जाएगा, इसके लिए 30 अप्रैल को सिविल सर्जन को हड़ताल का नोटिस दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता आशा वर्कर यूनियन की जिला प्रधान शीला शक्करपुरा ने की व संचालन कैशियर सुमन ने की। सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर रोष जताते हुए इस हमले में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद आशा वर्कर्स की मांगों पर चर्चा की और आंदोलन के बारे में रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान शीला शक्करपुरा ने कहा कि आशा वर्कर्स लंबे समय से कर्मचारी का दर्जा पाने व न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये लागू करवाने, रिटायरमेंट की उम्र 65 वर्ष और पेंशन देने की मांग कर रही हैं।
सीटू नेता ओमप्रकाश अनेजा ने कहा कि केंद्र सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल में न्यूनतम वेतन 26 हजार देने के साथ ही परियोजना वर्कर्स समेत सभी ठेका मजदूरों व अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करने व अन्य मांग रखी जाएगी। बैठक को सीटू नेता बेगराज, सविता, अंग्रेजो भूना, अनीता इंदाछोई, सुमन दिवाना, कमल, राजबाला दहमन सहित अनेक वर्कर्स ने संबोधित किया।