भूना। बायो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड प्लांट डूल्ट के प्रबंधकों की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पराली की जली हुई राख को सरेआम सड़क के किनारे डाल दिया गया है। इसकी बदौलत भूना से रतिया और भूना से जाखल की दोनों मुख्य सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों व वाहनों में बैठे यात्रियों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वाहनों की तेज रफ्तार के कारण उड़ रही पराली की राख आंखों में गिरने से हादसा होने का भी डर बना रहता है। साथ में पराली की काली राख के कारण कपड़े भी खराब हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से बायो एनर्जी प्लांट डूल्ट के संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
शहरवासी राजेंद्र सिंह, कृष्ण कुमार, सुरेश कुमार, नरेंद्र सिंह, शुभम सरबटा, मुकेश कुमार, पवन सिंह, कुलदीप सिंह व बलजीत सिंह आदि ने बताया कि एनर्जी प्लांट में पराली की गांठों को जलाकर बिजली का उत्पादन हो रहा है। परंतु प्लांट संचालक सरेआम सड़कों के किनारों पर खाली जगह में राख डाल रहे हैं। जो वातावरण को दूषित करने के साथ-साथ लोगों के लिए हादसे का कारण बन रहा है। बायो प्लांट संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। इन्होंने शहर की सड़कों पर स्वच्छ वातावरण को गंदी राख डालकर दूषित कर दिया है।
इस संबंध में बायो एनर्जी प्लांट के मैनेजर मनप्रीत सिंह ने बताया कि केंचियों पर धीमान इंजीनियर वर्क्स के मालिक ने सिफारिश करके पराली की राख को डलवाया है। परंतु सार्वजनिक स्थल पर सड़कों के किनारे राख को क्यों डाली, इस पर मैनेजर ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
बायो एनर्जी प्लांट के खिलाफ करेंगे कार्रवाई : सफाई दरोगा
रतिया व जाखल को जाने वाली दोनों ही सड़कों के बीच में खाली पड़ी जगह में पराली की जली हुई राख के ढेर लगे हुए मौके पर पाए गए हैं। इसलिए बायो एनर्जी प्लांट के प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। उनके विरुद्ध जेई अरुण कुमार की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-साेनू, सफाई दरोगा, नगरपालिका भूना