फतेहाबाद। ई-दिशा केंद्र में पिछले तीन वर्षाें से भी अधिक समय से जनरेटर बंद है। इससे बिजली आपूर्ति बंद होते ही ई-दिशा कार्यालय में स्थित सभी शाखाओं के काम ठप हो जाते हैं। वहीं गर्मियों के दिनों में बिजली कट के साथ ही पंखे और एसी बंद हो जाते हैं। इससे लोगो को अपनी बारी का इंतजार करने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ई-दिशा भवन में विभिन्न विभागों के 10 से अधिक विभाग हैं। इनमें से इन्वर्टर और जनरेटर से बिजली आपूर्ति का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। इससे सरकारी काम और आम जन के काम प्रभावित हो रहे हैं। लघु सचिवालय में स्थित ई-दिशा केंद्र के भवन में रजिस्ट्री कार्यालय, ड्राइविंग लाइसेंस कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, जिला कल्याण विभाग, कृषि एवं कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय हैं। इसमें अपने निजी कामों के लिए दिनभर लोगो का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में बिजली आपूर्ति बंद होते ही ई-दिशा केंद्र के सभी कंप्यूटर और इंटरनेट व्यवस्था ठप हो जाती है। इससे लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ता है। वहीं कई बार बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आने पर लोगों को बिना काम करवाया ही खाली हाथ लौटना पड़ा है।
खरीदा लेकिन, नहीं किया शुरू :
लाखों की लागत से खरीदा जेनरेटर बिल्कुल ठीक हालात में है, लेकिन इसको शुरू नहीं किए जाने से अब यह जर्जर होना शुरू हो चुका है। विभाग ने इसे शुरू कराने के लिए कोई कदम नहीं उठाया है। ई-दिशा केंद्र में नेटवर्क देने के लिए लगाया इंटरनेट सिस्टम भी परेशानी में है। इसका यूपीएस भी खराब पड़ा है। इस कारण बीच-बीच में इंटरनेट सेवा बाधित होती हैं।
-ई-दिशा केंद्र भवन में बिजली व्यवस्था का मामला संज्ञान में है। इसको लेकर आगामी प्रकिया शुरू की जाएगी। जल्द की समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
- परमेश सिंह, नगराधीश फतेहाबाद।