ठाकर बस्ती में शुक्रवार को दो गुटों में संघर्ष के बाद युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने पांच हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पीड़ित पक्ष जब तक सभी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक अंतिम संस्कार नहीं करने पर अड़ा था लेकिन तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ बैठक हुई।
जिसमें मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी समेत अन्य सहायता की मांग मान लिए जाने के बाद परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार किया।
शुक्रवार दोपहर ठाकर बस्ती में दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ था। जिसमें पिंकी नामक वाल्मीकि समुदाय के युवक की हत्या कर दी गई थी।
पीड़ित पक्ष ने हत्या के बाद ने अल्टीमेटम दिया था कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
शनिवार को सामान्य अस्पताल में अंतिम संस्कार करवाने के लिए प्रशासन वाल्मीकि समाज के लोग दोपहर तक अड़े रहे।
पीड़ित पक्ष के साथ हुई प्रशासन की बैठक
पीड़ित पक्ष के लोगों का कहना था कि सभी हत्यारों की गिरफ्तारी से पहले वह अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। बढ़ते तनाव को देखते हुए प्रशासन ने वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों के साथ एडीसी राज नारायण कौशिक, तहसीलदार, नप प्रधान वीरेंद्र नारंग, डीएसपी नृपजीत सिंह, विजय कक्कड़ और पीड़ित पक्ष के नेता पूनम रति, शम्मी रति, शाम लाल राठी, हरदीप, महेंद्र रति, व अनूप डच के साथ बैठक हुई।
पीड़ित पक्ष ने मृतक की पत्नी को पक्की नौकरी देने पर अड़ा था मगर प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाया कि आचार संहिता के चलते फिलहाल तो अस्थाई नौकरी दी जा सकती है। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये मुआवजा व बच्चों की मुफ्त शिक्षा पर सहमति प्रकट कर दी।
बैठक के बाद समुदाय के लोग शव को लेने पर राजी हो गये। इससे पहले डॉ. अमित मुंजाल और डॉ. अमित सैनी ने पिंकी के शव का पोस्टमार्टम किया और उसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
हालांकि तनाव के मद्देनजर बड़ी संख्या में सादी वर्दी में पुलिस के जवान तैनात थे। गांव में दोपहर तक तनाव बना रहा। दाह संस्कार के बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। पीड़ित पक्ष ने मृतक की पत्नी को नौकरी, आर्थिक सहायता व बच्चों को मुफ्त शिक्षा देेने की मांग की।
डीएसपी ने बताया कि अब तक हत्या आरोपी पांच लोगों सोनू, उसके पिता रघुबीर धानक गट्टू, कृष्ण, टोनी निवासी गुरुनानकपुरा व कबीर बस्ती निवासी करतार सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।