नागरिक अस्पताल में कोरोना जांच करवाने आए युवा।
- फोटो : Fatehabad
हिसार में चल रही सेना भर्ती को लेकर फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में सोमवार को कोरोना टेस्ट करवाने के लिए युवाओं की भीड़ लगी रही। फ्लू क्लीनिक में डॉक्टरों की टीम ने युवाओं के कोरोना सैंपल लिए। सैंपल की रिपोर्ट मंगलवार शाम तक आएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं को राहत देते हुए कोरोना सैंपल के नाम पर ली जाने वाली फीस पर रोक लगा दी है। युवाओं का सोमवार को निशुल्क सैंपल लिया गया। शनिवार तक नागरिक अस्पताल में कोरोना सैंपल के नाम पर फीस ली जा रही थी। युवाओं के विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेते हुए इसे बंद कर दिया है। फ्लू क्लीनिक इंचार्ज मेजर डॉ. शरद तुली ने बताया कि फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में 255 युवाओं के कोरोना सैंपल लिए गए है। सैंपल को लेकर कोई फीस नहीं ली जा रही है।
कोरोना संक्रमित एक केस मिला : जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक बार फिर से बढ़नी शुरू हो गई है। पहले 5 से 10 दिन कोरोना का एक केस मिल रहा था लेकिन अब पिछले तीन दिनों से लगातार केस मिल रहे है। रविवार को दो केस मिलने के बाद सोमवार को एक केस मिला है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक भूना में कोरोना संक्रमित एक मरीज मिला है। जिले में अब तक 4732 केस मिल चुके है। इसमें 4607 मरीज ठीक हुए है। अभी फिलहाल 6 मरीज सक्रिय है।