फतेहाबाद। शिक्षा विभाग की इंस्पायर मानक अवॉर्ड योजना के तहत विभाग ने विज्ञान आधारित आइडिया के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि को 15 दिन के लिए बढ़ाकर अब 30 सितंबर कर दी है।
जिले को इस योजना के तहत 1150 आवेदन का लक्ष्य दिया गया था, जो पहले ही पार कर लिया गया है। अब तक 1210 विद्यार्थी अपने विज्ञान आइडिया ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त समय मिलने से इस बार का आंकड़ा पिछले साल के रिकॉर्ड 1552 आवेदनों को भी पार कर सकता है। चयनित विद्यार्थियों को विभाग की तरफ से मॉडल बनाने के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
-
कक्षाएं बढ़ाईं लेकिन स्कूलों पर आवेदन की पाबंदी
इंस्पायर मानक अवॉर्ड के तहत कक्षा छठी से दसवीं के विद्यार्थियों से आवेदन लिए जाते थे लेकिन इस बार कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से भी आवेदन लिए जा रहे हैं। दूसरी तरफ स्कूलों पर पांच से ज्यादा आवेदन की पाबंदी है।
-
पहले इन विद्यार्थियों का हो चुका चयन
वर्ष चयन हुआ
2021 - 22 32
2022-23 27
2023-24 60
2024-25 74
-
चयनित आइडिया के मॉडल बनाने वाले को मिलेंगे 10 हजार रुपये
विभाग की तरफ से चयनित आइडिया के मॉडल को बनाने के लिए 10,000 की राशि प्रदान की जाएगी। इससे छात्र विज्ञान मॉडल या प्रोजेक्ट तैयार कर सकेगा। इस मॉडल को जिलास्तरीय प्रदर्शनी व प्रतियोगिता में प्रस्तुत किया जाएगा। सफल प्रतिभागी इसके बाद राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले सकेंगे। इंस्पायर अवॉर्ड मानक योजना, केंद्र सरकार की ओर से शुरू की गई स्टार्टअप इंडिया पहल से भी जुड़ी है।
इंस्पायर मानक अवॉर्ड के तहत विद्यार्थी अब 30 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। जिले को जो लक्ष्य दिया गया था वह पूरा हो गया है। अब पिछले साल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया जाएगा।
- मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ