भूना। बैजलपुर गांव के सरपंच हेमन्त सिंह बैजलपुरिया ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक को एक पत्र लिखकर अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। सरपंच ने पत्र में 19 सितंबर को उन पर हुए जानलेवा हमले का जिक्र करते हुए मुख्य षड्यंत्रकर्ता प्रताप सिंह की गिरफ्तारी, उसका हथियार लाइसेंस रद्द करने और स्थायी पुलिस सुरक्षा की मांग की है।
सरपंच ने बताया कि हमले के दिन ईश्वर सिंह ने उनके घर में घुसकर तेजधार हथियार से हमला किया। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। इस संबंध में थाना भूना में मामला भी दर्ज है और मौके पर ही हमलावर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया। घटना के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं। इससे यह साफ होता है कि इस हमले की योजना प्रताप सिंह के घर पर बनाई गई थी।
आरोप है कि प्रताप सिंह ग्राम पंचायत चुनाव में हेमन्त सिंह से हार गया था और तभी से दोनों के बीच चुनावी रंजिश चल रही हैं। सरपंच का आरोप है कि प्रताप सिंह लगातार उन्हें जान से मारने की धमकियां दे रहा है और उसके पास हथियार का लाइसेंस भी है। पत्र में सरपंच ने लिखा है कि मुख्य षड्यंत्रकर्ता प्रताप सिंह के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।