रतिया। गांव रतनगढ़ के पास पिलछियां रोड पर 28 दिसंबर की रात कार और स्कूटी की टक्कर में घायल बलियाला निवासी काला उर्फ जसबीर सिंह (63) की सोमवार को अग्रोहा में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले हादसे में स्कूटी सवार दूसरे व्यक्ति कृष्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार बलियाला निवासी कृष्ण सिंह (50) और काला उर्फ जसबीर सिंह (63) 28 दिसंबर की रात स्कूटी पर रतिया से बलियाला जा रहे थे। स्कूटी को जसबीर सिंह चला रहे थे। इसी दौरान गांव रतनगढ़ से आगे पिलछियां रोड पर पीछे से आ रही एक कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में कृष्ण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जसबीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जसबीर सिंह को पहले रतिया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर अग्रोहा रेफर किया गया। इलाज के दौरान आठ दिन बाद सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। मामले के जांच अधिकारी अंग्रेज सिंह ने बताया कि मृतक के भाई कुलवंत के बयान के आधार पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।