फतेहाबाद। नगर परिषद ने बुधवार को आनन-फानन में वार्ड कमेटियों की बैठकें आयोजित कीं, लेकिन यह बैठकें कोरम अधूरा होने के कारण रद्द हो गईं। नगर परिषद द्वारा पार्षदों को बैठक की सूचना दी गई और सुबह कचरा उठान गाड़ी से मुनादी भी करवाई गई, लेकिन 50 फीसदी वार्डों में बैठकें पूरी नहीं हो पाईं।
उपप्रधान सविता टुटेजा समेत कई पार्षदों ने बैठक में शामिल होने से इन्कार कर दिया। उपप्रधान ने नगर परिषद के कर्मचारियों को बैठक के लिए वापस भेज दिया। नगर परिषद द्वारा तय किया गया था कि सम संख्या वाले वार्डों की बैठक सुबह 11 बजे और विषम संख्या वाले वार्डों की बैठक दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी, लेकिन कोरम पूरा न होने के कारण बैठकें रद्द कर दी गईं। बैठक में 10 फीसदी मतदाताओं का शामिल होना जरूरी था, जो पूरी नहीं हो पाया। नगर परिषद के कर्मचारियों की बैठक के दौरान ड्यूटी लगाई गई, जिसके कारण नगर परिषद कार्यालय में कामकाज ठप हो गया। लोग कार्यालय आए, लेकिन कर्मचारियों के न होने के कारण उन्हें लौटना पड़ा।
नगर परिषद द्वारा वार्ड कमेटियों की बैठकों का उद्देश्य पेंशन पात्रों के सत्यापन के साथ-साथ अन्य योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन करना था। हालांकि समय पर जानकारी नहीं मिलने से पेंशन लाभार्थी भी सत्यापन के लिए बैठक में नहीं पहुंचे। 27 वार्डों में से अधिकांश में बैठकें अधूरी रह गईं। नगर परिषद ने 9 जनवरी को वार्ड कमेटियों का गठन किया था, जिसमें वार्ड पार्षदों को चेयरमैन, जेई को महासचिव और समाजसेवियों को सदस्य बनाया गया था। हालांकि, बैठक के आयोजन के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई गई थी, जिस कारण ये बैठकें बिना किसी प्रभावी परिणाम के समाप्त हो गईं।
- -
मेरे वार्ड में नगर परिषद ने मुनादी ही नहीं करवाई है और कई वार्डों में सुबह करवाई गई है। सुबह बैठक का पता चला और सदस्यों को जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से समय पर जानकारी दी जानी चाहिए थी। - अर्जुन कटारिया, पार्षद
-
अगर वार्ड के लोगों के लिए ही बैठक रखी गई है तो कम से कम सूचना देनी चाहिए थी। कमेटी के जो सदस्य है उन्हें भी सूचना नहीं दी गई है। - दीपक ग्रोवर, कमेटी सदस्य
-
बैठक के लिए नगर परिषद अधिकारियों को कम से कम सूचना देनी चाहिए। प्रधान-उपप्रधान और पार्षदों को बताया ही नहीं गया और मौके पर ही सूचना दी गई है। इसके चलते वार्ड में बैठक नहीं की गई। - सविता टुटेजा, उपप्रधान नगर परिषद
-
नगर परिषद की तरफ से वार्ड कमेटी की बैठकें हुई हैं। ये बैठकें जनहित में ही थी। इस संबंध में सूचना भी नगर परिषद की तरफ से दी गई है। - सुरेश कुमार, ईओ, नगर परिषद