कुलां। बिजली समस्या लेकर कुलां-टोहाना मार्ग पर धरना देती महिलाएं। संवाद
कुलां/टोहाना। तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान गांव पोखरी और सलेमपुरी के ग्रामीणों ने सोमवार को गांव नलका ढाणी के पास कुलां-टोहाना मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। पुरुषों के साथ महिलाएं भी दरी बिछाकर सड़क पर धरने पर बैठ गईं और ट्रैक्टर खड़े कर दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया। बारिश के बावजूद ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी रहा जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलने पर पुलिस और बिजली निगम के एसडीओ गौरव यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने करीब साढ़े तीन घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण भूपेंद्र कौर, हरप्रीत कौर, पलविंद्र, रमन कौर, अमन कौर, वीरपाल कौर, जोगिन्द्र कौर, जागराज सिंह, गुरमीत, बलदेव, अजय, रंजीत, राम सिंह और दारा सिंह ने बताया कि उनके गांवों में बिजली आपूर्ति गुलरवाला बिजली घर से होती है। चार दिन पहले बिजली लाइन में खराबी आने के बाद घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। शिकायत देने के साथ कई बार बिजली निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि निगम ने घरेलू बिजली आपूर्ति को कृषि फीडर लाइन से जोड़कर अस्थायी व्यवस्था कर दी लेकिन इससे पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही। उनका कहना है कि दिन में करीब आठ घंटे बिजली आने के बाद पूरी रात आपूर्ति बंद रहती है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थायी समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों को चौथे दिन सड़क पर उतरकर जाम लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा।