फतेहाबाद। अनाज मंडी में गेहूं के धीमे उठान के विरोध में अब व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। नाराज व्यापारियों ने किसान रेस्ट हाउस में बैठ करके प्रशासन को उठान में तेजी लाने के लिए दो दिन का समय दिया है। अगर दो दिन में उठान में तेजी नहीं आई तो व्यापारी अनाज मंडी के सभी गेट बंद करके हड़ताल पर चले जाएंगे।
गौरतलब है कि इन दिनों जिले की मंडियों में गेहूं की आवक जोरों पर है। मगर उठान धीमा होने के कारण मंडियों में किसानों को गेहूं की ढेरियां रखने के लिए जगह नहीं मिल रही है। जिले में अभी तक 1196760 क्विंटल गेहूं खरीदी जा चुकी है। मगर इसमें से उठान मात्र 132570 क्विंटल का हुआ है। खरीद का मात्र 11.07 प्रतिशत ही उठान हुआ है। समय पर उठान नहीं के कारण किसानों के 285.31 करोड़ का भुगतान भी रुका हुआ है। अभी तक मात्र 31.16 करोड़ का भुगतान किया गया है। वीरवार को जिले में 701750 क्विंटल गेहूं की खरीद जबकि 9653 क्विंटल का उठान हुआ है।
साढ़े पांच लाख बैग पड़े मंडी में, उठे सिर्फ 20 हजार
वीरवार को किसान रेस्ट हाउस में व्यापारियों ने अनाज मंडी व्यापार मंडल के प्रधान जगदीश भादू की अध्यक्षता में बैठक की। धीमे उठान के खिलाफ रोष-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रधान जगदीश भादू व अन्य व्यापारियों ने कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारियों की ठेकेदारों के साथ मिलीभगत है। ठेकेदारों के पास गेहूं का उठान करने के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रक और मजदूर नहीं है। मंडी में फिलहाल गेहूं से भरे हुए साढे़ पांच लाख बैग रखे हुए हैं, लेकिन उठान मात्र 20 हजार बैगों का हो सका है। जिला प्रशासन से व्यापारियों ने कई बार मांग कर ली है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। जिले में एक तरफ तो उठान पहले ही धीमा चल रहा है और दूसरी तरफ सिवानी से फतेहाबाद की मंडी में सरसों की आवक हो रही है।
खरीद एजेंसियों के पास चार ठेकेदार, केवल 20 गाड़ियां
प्रधान भादू ने कहा कि जिले में गेहूं का उठान करने के लिए खरीद एजेंसियों के पास चार ठेकेदार हैं। इन चारों ठेकेदारों के पास केवल 20 ही गाड़ियां हैं। जब इनको उठान में तेजी लाने की बात कही जाती है तो बात कट कर देते हैं। वीरवार को उठान धीमा होने के कारण दोपहर 2 बजे तक मात्र 14 गेट पास ही कट सके। अब मंडियों में गेहूं डालने की जगह नहीं बची है, जिसके कारण शुक्रवार को मंडी के बाहर सड़कों पर गेहूं की ढेरियां लगनी शुरू हो जाएंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उठान में तेजी नहीं आई तो मंडी के सभी गेट बंद करके धरने पर बैठ जाएंगे।
अनाज मंडियों में गेहूं की आवक जोरों पर हैं। आने वाले दिनों में उठान की गति में तेजी आएगी। इसको लेकर खरीद एजेंसियों व संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे।
-राहुल नरवाल, डीसी, फतेहाबाद