गांव समैन में खाद किल्लत के विरोध में जाम लगाते किसान। संवाद
समैन। गांव समैन में डीएपी किल्लत से जूझ रहे किसानों ने शुक्रवार को नेशनल हाईवे 148बी जाम कर दिया। जाम लगाने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। टोहाना से सदर थाना प्रभारी शादीराम, कृषि विभाग के एसडीओ मुकेश महला मौके पर पहुंचे। अधिकारी से समस्या के समाधान का आश्वासन मिलने पर किसानों ने करीब 20 मिनट बाद जाम खोल दिया।
किसान रामफल गिल, समुद्र, बलवंत गिल, लीलू राम, जंगीर सिंह, लीलू राम, ज्ञानी राम ने बताया कि गेहूं की बिजाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में किसानों को डीएपी की जरूरत है पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। पैक्स सोसाइटी में पिछले 15 दिन पहले डीएपी आ चुका है। पैक्स सोसाइटी में खाता खुलवाने वाले सभी किसानों को खाद मिलना चाहिए।
-गांव समैन की पैक्स सोसायटी में करीब 12 दिन पहले डीएपी के 1900 बैग भिजवाए थे। पैक्स में कर्मचारी न होने के कारण यह खाद का वितरण नहीं किया जा सका। किसानों की समस्या को देखते हुए उन्होंने तुरंत प्रभाव से पैक्स में खाद बंटवाने का काम शुरू करवाया। जिन किसानों ने अपनी फसलों का पोर्टल पर पंजीकरण करवाया है,उन्हें खाद जरूर मिलेगा।
मुकेश महला, एसडीओ कृषि विभाग, टोहाना।