बस का घेराव करते ग्रामीण। स्रोत : ग्रामीण
रतिया। रतिया-अलीका रोड पर चलने वाली प्राइवेट बस के चालक और परिचालक पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने और बस से नीचे उतार देने का आरोप लगाते हुए गांव कलोठा के ग्रामीणों ने शुक्रवार दोपहर बाद बस काे गांव के बस अड्डे पर रोक लिया।
चालक और परिचालक से बहस के दौरान बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने छात्राओं ने प्राइवेट बस के चालक परिचालक के खिलाफ सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार सुबह जब प्राइवेट बस अलीका गांव से रतिया आ रही थी तो उसमें अलीका ,कलोठा की छात्राएं और लालावास, लाली गांव की काफी छात्राएं बस में चढ़कर रतिया पहुंच गईं।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्राइवेट बस के चालक व परिचालक ने सुबह टिकट काटने को लेकर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें बस से उतार देने की चेतावनी दी। दोपहर को घर लौटने के दौरान छात्राओं को परिचालक ने बस से उतार दिया और उनके बैग बाहर फेंक दिए। छात्राओं ने इसकी सूचना गांव के सरपंच मुरारीलाल को दी। इसके बाद सरपंच गांव से कई वाहन लेकर रतिया पहुंचे और छात्राओं को लेकर आए।
जांच अधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि छात्राओं से दुर्व्यवहार करने पर ग्रामीणों की ओर से बस रोकने की सूचना मिली है। इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर चालक और परिचालक ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि छात्राओं से टिकट काटने की बात कही थी।