फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दवाई लेने के लिए इंतजार करते हुए मरीज संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। अस्पताल प्रशासन एंबुलेंस सर्विस स्टेशन वाली जगह पर इसका भवन तैयार करने की योजना बना रहा है। इस पहल से मरीजों को सस्ती दवाएं और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध हो सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने हर जिले में अमृत फार्मेसी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पहले अस्पताल प्रशासन ने स्थान, संसाधन और स्टाफ की कमी का हवाला देकर इस योजना से इन्कार कर दिया था लेकिन मुख्यालय के सख्त रुख के बाद अब काम आगे बढ़ाया जा रहा है। अस्पताल की मौजूदा स्थिति भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र मरम्मत कार्य के कारण करीब दस महीने से बंद है जिससे मरीजों को दवाएं लेने में परेशानी हो रही है। वहीं फार्मेसी ऑफिसर के आठ स्वीकृत पदों में सिर्फ तीन ही कार्यरत हैं जिससे उन पर भी कार्यभार बढ़ा हुआ है। इन परिस्थितियों के बीच अमृत फार्मेसी शुरू होने से दवाओं की उपलब्धता में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
डिस्पेंसरी में प्रशिक्षु चला रहे हैं काम
नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी में दवाइयों का अभाव के साथ-साथ फार्मेसी ऑफिसर भी नहीं है। यहां पर 8 में से 3 ही फार्मेसी ऑफिसर हैं। हालात ये है कि प्रशिक्षु काम चला रहे हैं। इस स्थिति में अमृत फार्मेसी जैसी अतिरिक्त व्यवस्था को संभालना उनके लिए संभव नहीं हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि अस्पताल में पिछले साल फरवरी माह में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र संचालित किया गया था लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। मरम्मत कार्य के चलते करीब 10 माह पहले यह केंद्र बंद कर दिया गया।
-
अस्पताल में अमृत फार्मेसी खोलने की योजना है। जल्द ही इसको लेकर भवन तैयार हो जाएगा। मरीजों की सुविधा के लिए यह फार्मेसी शुरू की जा रही है।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन