संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शनिवार को जिले की 67 गोशालाओं को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 7 करोड़ 2 लाख रुपये की अनुदान राशि दी है। ये राशि पिछले वित्त वर्ष की बकाया है। वर्ष 2025 के जनवरी से 31 मार्च तक की राशि मिली है।
फतेहाबाद और भूना की दो ऐसी गोशालाएं है जिन्हें अक्तूबर से मार्च माह तक की राशि जारी हुई है। फतेहाबाद की शिवालय मार्केट स्थित हरियाणा गोशाला को 30 लाख 46 हजार रुपये की राशि का चेक मिला है। इसके अलावा पिछली बकाया राशि का 50 लाख का चेक दिया गया है। यहां पर करीब 1700 पशु है।
फतेहाबाद के हांसपुर रोड स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी गोशाला को जनवरी से मार्च माह तक की 1.50 लाख की राशि का चेक मिला है। यहां करीब 100 पशु है। गांव मताना स्थित गांव शहरी मैत्री श्रीकृष्ण गोशाला मताना को 1117 पशुओं के लिए 25 लाख 13 हजार रुपये की राशि का चेक जारी हुआ है।
सीएम आगमन और जाने के दौरान, दीवारों पर बैठे रहे ग्रामीण
फतेहाबाद। गांव बड़ोपल के व्यायामशाला में शनिवार को जब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हेलिकॉप्टर उतरा तो उसे देखने के लिए ग्रामीण उमड़ पड़े। करीब 30 साल बाद मुख्यमंत्री बड़ोपल में पहुंचे हैं। इससे पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री भजनलाल सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
हालांकि बताया जा रहा है कि वर्ष 2002 में भी तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला भी यहां आ चुके हैं। सीएम जब कार्यक्रम के बाद रवाना होने लगे तो भी हेलिकॉप्टर देखने के लिए काफी तादाद में लोग पहुंचे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सीएम ने खाना खाया। इस दौरान काफी ग्रामीण हेलीपैड स्थल के पास पहुंच गए। व्यायामशाला की दीवार पर भी काफी संख्या में लोग करीब आधे घंटे तक बैठे रहे।
गोभक्तों में बांटा हलवा-छोले का प्रसाद
फतेहाबाद। गांव बड़ोपल की श्रीकृष्ण गोशाला में शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम में जिले की 67 गोशालाओं से पदाधिकारी और गोभक्त पहुंचे। इसके अलावा काफी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए। गोभक्तों के लिए गोशाला की तरफ से हलवे और छोले का प्रसाद वितरित किया गया। गुरुद्वारा सभा की तरफ ठंडे पानी की सेवा की गई। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा भी पहुंचे। राणा ने स्टेज पर भाषण शुरू करने से पहले गोशाला को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला की तरफ से भी 11 लाख रुपये और रणबीर गंगवा की तरफ से भी 11 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।