फतेहाबाद। मौसम के बदलते मिजाज के बीच जिले में मौसमी बीमारियों ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। अस्पतालों की ओपीडी में वायरल, खांसी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। इसी बीच डेंगू ने भी दस्तक दी है। भूना निवासी किशोरी की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। जिले में अब डेंगू संक्रमितों की संख्या 14 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिन में गर्मी और सुबह-शाम ठंडक के कारण लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला महामारी रोकथाम अधिकारी डॉ. विष्णु मित्तल ने बताया कि मौसम गर्मी से सर्दी की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को खानपान और दिनचर्या का विशेष ध्यान रखना चाहिए। ठंडी चीजों के सेवन से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर खुद दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लें।
वायरल संक्रमण से बचाव के लिए बरतें सावधानी
विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा ने बताया कि वायरल संक्रमण से बचने के लिए हाथों को साबुन से नियमित धोना चाहिए। छींकते और खांसते समय मुंह व नाक को रूमाल या टिश्यू से ढकें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। पर्याप्त नींद लें और पौष्टिक भोजन करें। पानी उबालकर या साफ करके पीएं। बीमार होने पर आराम करें और दूसरों के संपर्क में आने से बचें।
डेंगू के लक्षणों को न करें नजरअंदाज
डेंगू संक्रमित मच्छर के काटने से फैलता है। इसके प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी और त्वचा पर लाल चकत्ते शामिल हैं। गंभीर स्थिति में पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी, नाक या मसूड़ों से खून आना और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिख सकते हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए।
पानी जमा न होने दें, मच्छरों से बचाव करें
डेंगू से बचाव के लिए घर और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमलों, टायरों और पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें। पानी के बर्तनों को ढककर रखें। मच्छरों से बचने के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें। मच्छरदानी और मच्छर भगाने वाले उपायों का इस्तेमाल करें। बुखार आने पर चिकित्सक से जांच कराएं।