जिले के एसपी ने औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया, फटकार भी लगाई और कुछ को नोटिस जारी किए, लेकिन पुलिस कप्तान के मातहत इससे बेअसर हैं। लापरवाही के कारण फजीहत झेल रहे पुलिसकर्मी सुधरने को तैयार नहीं हैं। वह भी ऐसे समय पर जबकि हरिद्वार से श्रद्धालु कांवड़ लेकर आ रहे हैं। पुलिसकर्मियों की यह लापरवाही श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भारी पड़ सकती है।
बता दें कि महज एक दिन पहले ही एसपी ओपी नरवाल ने देर रात बिना बत्ती लगी गाड़ी में जिले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। निरीक्षण के दौरान छह थाना प्रभारियों समेत 29 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से नदारद पाया। इस पर एसपी ने लापरवाही बरतने वालों को फटकार लगाई, साथ ही थाना प्रभारियों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा था। लेकिन अगले ही दिन पुलिसकर्मी एसपी के आदेशों की धज्जियां उड़ाते नजर आए। अमर उजाला टीम ने वीरवार रात को शहर के मुख्य चौक-चौराहों का जायजा लिया तो पुलिस सुरक्षा के नाम पर खाली स्थान ही नजर आया।
स्थान : फतेहाबाद से चंडीगढ़ मार्ग
समय : 12: 20 बजे
शहर के चंडीगढ़ मार्ग पर लगा नाका। यहां कुछ ही दूरी पुलिस चौकी है। लेकिन नाके पर कोई पुलिसकर्मी नजर नहीं आया। यह जरूर था कि यहां कांवड़िए आ-जा रहे थे और नजदीक में लगे टेंट में विश्राम कर रहे थे। चौक में सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नजर नहीं आया।
स्थान : नेशनल हाईवे हिसार रोड
समय : 12: 30 बजे
नेशनल हाईवे हिसार रोड पर बाईपास के ऊपर पुलिस द्वारा वाहनों की चेकिंग के लिए बैरियर रखे हुए हैं। रात को इस जगह पर कोई चेकिंग नहीं दिखी। हिसार और दिल्ली से आने वाले वाहनों की यहीं से एंट्री होती है।
स्थान : लघु सचिवालय
समय : रात 12: 35 बजे
शहर का लघु सचिवालय यहां पर सुरक्षा के नाम पर कोई भी पीसीआर नहीं दिखी और न ही कोई पुलिसकर्मी मौजूद दिखा।
स्थान : नेशनल हाईवे सिरसा रोड
समय : रात 12: 45 बजे
नेशनल हाईवे सिरसा रोड पर बाईपास पर लगाए गए नाके पर कोई चेकिंग नहीं मिली। इस रोड़ पर बाईपास से वाहन निकलते हैं। साथ ही पंजाब व सिरसा से आने वाले वाहनों की शहर में एंट्री होती है।
स्थान : बस स्टैंड चौकी
समय : रात 12: 55 बजे
शहर के बस स्टैंड पर बनी चौकी। यहां पर शाम के समय जरूर चेकिंग देखने को मिल जाती है, लेकिन रात के समय यहां कोई व्यवस्था नहीं होती। ऐसा ही नजारा वीरवार रात को देखने को मिला। बैरियर साइड में थे और पुलिसकर्मी नदारद।
स्थान : लालबत्ती चौक
समय : रात एक बजे
शहर का मुख्य चौक जो नेशनल हाईवे के साथ स्टेट हाईवे को भी जोड़ता है। लेकिन सुरक्षा के नाम पर कुछ नहीं। रात एक बजे के करीब यहां पर कुछ नहीं मिला। न पीसीआर और न ही कोई कर्मचारी।
रतिया चुंगी पर दिखी चेकिंग
समय : रात 1: 10 बजे
शहर के रतिया चुंगी पर जरूर पुलिसकर्मी मिले। यहां पर एक पुलिस कर्मी और गार्ड गाड़ियां रोककर चेकिंग करते हुए मिले।
स्थान : भट्टू रोड
समय : रात 1: 20 बजे
शहर के भट्टू रोड चौक पर भी सभी नाकों की तरह सुरक्षा नहीं दिखी। इस चौक से हिसार व सिरसा रोड़ की ओर आने-जाने वाले वाहन गुजरते हैं, लेकिन वीरवार रात को सुरक्षा के नाम पर कुछ भी नहीं मिला।
बंद हो जाते हैं थाने-चौकी के दरवाजे
पुलिस थाने और चौकी में अगर रात के समय आपको कोई शिकायत देनी है तो पहले कई बार आपको दरवाजा खटखटाना पड़ेगा। रात के समय थाने व चौकी के दरवाजे बंद हो जाते हैं। बस स्टैंड चौकी और थाने में भी ऐसा ही रहा। यहां गेट बंद मिले।
ऐसा होना नहीं चाहिए। लेकिन अगर ऐसा हुआ है तो यह गलत है। मैं खुद इस पर नजर रखूंगा।
ओपी नरवाल, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद