भूना। नगरपालिका के पार्षदों ने मुख्यमंत्री को शिकायत भेजकर अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ आरसीसी बेंच की घटिया क्वालिटी व संख्या में भारी गड़बड़झाला किए जाने के आरोप लगाकर विजिलेंस जांच की मांग की है। नगरपालिका के 15 पार्षदों में से 11 पार्षदों की शिकायत के बाद नगरपालिका सचिव और पालिका अधिकारियों में खलबली मच गई है।
पार्षद सुशील सोनी, सुमित कुमार, रोहताश गोयल, कृष्णा सोनी, कविता देवी, राहुल दहिया, शीला देवी, प्रकाश कुमार, भागवंती, पार्षद अमन बाबा ने मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में आरोप लगाया है कि नगरपालिका ने करीब 5 महीने पहले 200 आरसीसी बेंच खरीदने का टेंडर लगाया था। जो फैक्टरी से आरसीसी कुर्सियां शहर में अधिकारियों ने खरीदी है, उनकी गुणवत्ता बिल्कुल ही निम्न स्तर की है। अधिकारियों ने ठेकेदार के साथ मिलकर बेंच खरीद में भारी गोलमाल किया है। पार्षदों का आरोप है कि कुर्सियां लगाने के कुछ दिन बाद ही टूट कर बिखर गई। बेंचों की संख्या में भी काफी गड़बड़ी है। इसलिए पार्षदों ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की विजिलेंस जांच करवाकर अधिकारियों व संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कोई गड़बड़ी नहीं हुई, हर वार्ड में रखे गए हैं आरसीसी बेंच : पसरीजा
आरसीसी बेंच खरीद मामले में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं हुई और क्वालिटी से भी कोई समझौता नहीं किया गया। शिकायतकर्ता पार्षदों की मौजूदगी में ठेकेदार ने हर वार्ड में 10-10 बेंच लोगों के बैठने के लिए सार्वजनिक स्थल पर लगाए हैं। पार्क, बस स्टैंड व पुलिस स्टेशन के पास भी लोगों की सुविधा अनुसार बेंच रखे हैं। अधिकारियों के खिलाफ कुछ पार्षदों ने अनावश्यक दबाव बनाने के उद्देश्य से निराधार और बेतुकी शिकायत दी, जिसका कोई आधार नहीं है।
अपर्णा पसरीजा, चेयरपर्सन, भूना नगरपालिका
आरसीसी बेंच की गुणवत्ता टेंडर के मुताबिक : सचिव
शहर में 200 आरसीसी बेंच टेंडर के आधार पर लोगों के बैठने के लिए खरीदे गए थे। जिनकी गुणवत्ता एवं संख्या में कोई भी गड़बड़ी नहीं है। हालांकि ठेकेदार का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। पार्षदों की शिकायत पर जांच चल रही है जबकि इन्होंने अपने-अपने वार्ड में आरसीसी बेंच लगाने के बाद लिखित में संतुष्टि पत्र दिए हुए हैं।
नवीन पांडे, सचिव, भूना नगरपालिका