रतिया के गोदाम में सीसी रोड के सैंपल लेते हुए सीएम फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम : संवाद
रतिया। शहनाल रोड पर बने हैफेड के गोदाम में सीसी रोड बनाए जाने में गड़बड़ी की शिकायत पर शुक्रवार दोपहर बाद मुख्यमंत्री उड़नदस्ता मौके पर पहुंची और सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेज दिए रिपोर्ट आने पर टीम आगे की कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को शिकायत मिली थी कि शहनाल रोड पर हैफेड के गोदाम का निर्माण किया गया है। जिसमें 75 लाख रुपये की लागत से गोदाम का फर्श और अंदर सीसी रोड बनाए गए थे। इसके निर्माण में अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। शिकायत मिलने के बाद सीएम फ्लाइंग स्क्वायड की इंचार्ज सुनैना व सहायक पुलिस निरीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने गोदाम में बने हुए सीसी रोड व फर्श के 6 सैंपल लिए। इस दौरान ठेकेदार अनिल कुमार व हैफेड के अधिकारी और अन्य कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे। टीम के सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गोदाम में सीसी रोड के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने के बारे में शिकायत मिली थी।
इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में सीसी रोड व फर्श के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने पर ही कार्रवाई की जाएगी।