फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में हेपेटाइटिस सी और बी के मरीजों की मंगलवार को लिए जाने वाले सैंपलों पर एक बार फिर से रोक लग गई है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में वायरस लोड जांच किट खत्म होने के चलते 100 मरीजों की जांच रिपोर्ट रुकी हुई है।
इसके चलते इस सप्ताह मंगलवार को लिए जाने वाले सैंपलों पर रोक लगाई गई है। नागरिक अस्पताल प्रशासन द्वारा मंगलवार को हेपेटाइटिस सी के 20 और बी के पांच सैंपल जांच के लिए लेकर लैब में भेजे जा रहे थे। करीब दो माह के इंतजार के बाद स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने अग्रोहा मेडिकल में सैंपल भेजने के लिए निर्देश थे। लेकिन यहां पर जांच किट खत्म होने के चलते मरीजों को रिपोर्ट ही जारी नहीं हो रही है। करीब 450 मरीजों के सैंपल रुके हुए थे।
- अनुबंध खत्म होने के बाद से आ रही दिक्कत
वर्ष 2018 में जिला नागरिक अस्पताल में हेपेटाइटिस सी मरीजों का उपचार शुरू होने के बाद जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निजी लैब से अनुबंध किया था। जुलाई 2022 में अनुबंध खत्म होने के चलते आरटीपीसीआर लैब में जांच के निर्देश दिए गए। लेकिन माइक्रोबायलॉजिस्ट न होने के चलते जांच शुरू नहीं हो पाई। इसके बाद अंबाला, सिरसा के नागरिक अस्पताल और रोहतक पीजीआई में सैंपल भेजने शुरू किए गए लेकिन यहां भी जांच किट की दिक्कत के कारण सैंपल जांच पर रोक लगा दी गई।
- अग्रोहा मेडिकल में हेपेटाइटिस सी और बी के सैंपल भेजे जा रहे थे लेकिन वहां पर जांच किट खत्म होने के चलते दिक्कत आ रही है। उम्मीद तीन से चार दिन में समस्या का समाधान हो जाएगा।
- डॉ. मनीष टुटेजा, विशेषज्ञ, नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद।