शहर के भट्टू रोड पर नोटिस के बाद एजेंसी की ओर से लगाया गया शेड। संवाद
फतेहाबाद। शहर के पांच जगहों पर नगर परिषद की ओर से बस क्यू शेल्टर के निर्माण के लिए एजेंसी को टेंडर दिया हुआ है। एजेंसी की ओर से करीब पांच माह पहले बस क्यू शेल्टर को लेकर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन एजेंसी की ओर से पांचों जगहों पर सिर्फ बेस तैयार करके छोड़ दिया गया।
नगर परिषद के अधिकारियों ने हाउस की बैठक के बाद एजेंसी को काम न करने को लेकर नोटिस जारी किया तो निर्माण एजेंसी ने शहर में बस क्यू शेल्टर के निर्माण का काम फिर से शुरू कर दिया है। इन शेल्टरों का बेस तैयार हुए करीब चार महीने बीत चुके थे, लेकिन शेड लगाने का काम रुका हुआ था, जिससे यात्रियों को गर्मी और बारिश में लोगों को परेशानी हो रही थी।
नगर परिषद की ओर से शहर की सुंदरता बढ़ाने और यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए हिसार की तर्ज पर आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाने की योजना शुरू की गई थी। इसके तहत भट्टू रोड बस स्टॉप और पुराना बस स्टैंड रेस्ट हाउस के पास समेत कुल पांच जगहों पर लगभग 35 लाख रुपये की लागत से शेल्टर बनाए जाने हैं।
काम में आई तेज़ी
नोटिस के बाद अब एजेंसी ने फिर से काम शुरू कर दिया है। भट्टू रोड जैसे व्यस्त स्थानों पर शेड लगाने का काम तेजी से जारी है। नगर परिषद चेयरमैन राजेंद्र खिंची ने आश्वासन दिया कि यह काम जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। इन नए और आधुनिक बस क्यू शेल्टर के बनने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा।
-
धीमी गति पर परिषद ने लिया संज्ञान
एजेंसी ने करीब चार माह पहले इन स्थानों पर शेल्टरों का मजबूत बेस तो तैयार कर दिया था, लेकिन उसके बाद काम बंद कर दिया था और मुख्य शेड लगाने का काम ठप पड़ गया था। धूप, बारिश और धूल से बचने के लिए यात्रियों को खुले में बसों का इंतजार करना पड़ रहा था। नगर परिषद की तकनीकी शाखा के एमई नरेंद्र पंवार की ओर से इस देरी पर संज्ञान लेते हुए संबंधित निर्माण एजेंसी को कड़ा नोटिस जारी किया था।