फतेहाबाद। अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग की ओर से 20 नवंबर को डाइट मताना में जिलास्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। खंड स्तर पर आयोजित प्रतिस्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 324 विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
गीता महोत्सव के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों में श्रीमद्भागवत गीता के नैतिक मूल्यों को स्थापित करने के उद्देश्य से ये प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। जिले के सभी खंडों में पहले ही विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्पर्धाएं आयोजित की जा चुकी हैं। खंडस्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले 324 विद्यार्थी जिला स्तर की स्पर्धाओं में शामिल होंगे।
ये विद्यार्थी अब अपने-अपने खंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। खंड स्तर पर आयोजित हुई श्लोक उच्चारण, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, संवाद/भाषण, पेंटिंग प्रतियोगिता ही जिला स्तर पर हाेंगी।
-
विजेता लेंगे राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग
जिला स्तर पर इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 2100 रुपये, 1500 रुपये और 1100 रुपये की राशि के साथ प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा, प्रत्येक श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इनके विजेताओं को आगे राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। इन प्रतियोगिताओं का विषय श्रीमद्भागवत गीता पर ही आधारित रहेगा।
-
जिले के 6 खंडों से दो श्रेणी में विद्यार्थी लेंगे भाग
जिला शैक्षिक प्रशिक्षण संस्थान मताना में 20 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत आयोजित होने वाली जिलास्तरीय प्रतियोगिता में फतेहाबाद, भूना, भट्टू, रतिया, टोहाना व जाखल खंड के विद्यार्थी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में दो श्रेणी में विद्यार्थी भाग लेंगे। पहली श्रेणी में कक्षा 6 से 8 और दूसरी श्रेणी में कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थी भाग लेंगे।