टोहाना के नागरिक अस्पताल में दीप प्रज्जवलित करते हुए सीएमओ डॉ. कुलप्रतिभा व अन्य। संवाद
टोहाना। नागरिक अस्पताल में वीरवार को मरीज देखभाल अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सिविल सर्जन डॉ. कुलप्रतिभा ने जिलास्तरीय कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मरीजों के साथ आए परिजनों को घर में बेहतर देखभाल का प्रशिक्षण देना है।
इससे मरीज को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी सही देखभाल मिल सकेगी। डॉ. कुलप्रतिभा ने बताया कि मरीजों को अस्पताल से छुट्टी के बाद भी देखभाल, दवा, साफ-सफाई और मानसिक सहयोग की जरूरत होती है। इस कार्यक्रम में नर्सिंग स्टाफ मरीज के परिजनों को हाथ धोने की सही विधि, घाव की देखभाल और दवाओं के सही समय पर सेवन की जानकारी देंगे।
प्रशिक्षण में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा। जिनमें स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, संतुलित आहार और पानी की सही मात्रा शामिल है। गिरने से रोकथाम और आपात स्थिति में क्या करना है, इसकी भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में अनुभवी स्वास्थ्य मित्र संगठन की टीम ने जिलाध्यक्ष अजायब सिंह के नेतृत्व में सीएमओ को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में स्टेट प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अभिषेक जैन, रीजनल कॉर्डिनेटर डॉ. मोहित और उप सिविल सर्जन डॉ लाजवंती गौरी, एसमओ डॉ. कुणाल वर्मा मौजूद रहे।