फतेहाबाद। गांव बैजलपुर में 131 परिवारों को आवासीय प्लॉट का कब्जा आज तक नहीं मिला। करीब 15 साल से इंतजार कर रहे ग्रामीण शुक्रवार को लघु सचिवालय पहुंचे और प्रशासन से कब्जा दिलाने की मांग उठाई।
ग्रामीण सुरेश कुमार, बलराज, जय प्रकाश और आशीष ने बताया कि वर्ष 2011 में तत्कालीन सरपंच ने पंचायत भूमि से लगभग 100-100 गज के प्लॉट काटकर पात्र परिवारों के नाम रजिस्ट्री और इंतकाल दर्ज करवा दिए थे। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद जमीन पर कब्जा नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार सरपंच और संबंधित अधिकारियों से मिल चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे इंतजार से परिवारों में निराशा बढ़ रही है। उनका कहना है कि मकान निर्माण का सपना अधूरा पड़ा है। लघु सचिवालय पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर जमीन का वास्तविक कब्जा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले वे सरपंच से कब्जा लेने को लेकर बात करने के लिए गए थे, लेकिन समाधान नहीं हुआ। जिसको लेकर वे उपायुक्त को शिकायत देने के लिए आए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे उपायुक्त से मिले है और उन्होंने मामले में कार्रवाई करने की बात कही है।
गांव के 131 परिवारों को दिए गए थे प्लॉट
जिला मुख्यालय में उपायुक्त से मिलने के लिए पहुंचे ग्रामीण सुरेश कुमार, बलराज, जय प्रकाश, आशीष ने बताया कि पंचायत ने करीब 131 परिवारों को मकान बनाने के लिए तत्कालीन सरपंच प्रभुदयाल ने प्लॉट काटकर दिए थे। उनके नाम पर प्लॉट की रजिस्ट्री व इंतकाल दर्ज करवाया गया था। उस समय कहा गया था कि उनका जल्द ही कब्जा दिलवाया जाएगा, लेकिन आज तक नहीं हुआ। उनके पास प्लाॅट की रजिस्ट्री तो है लेकिन कोई कब्जा नहीं है। साल 2011 से लेकर अब तक उन्होंने कब्जा लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटे है, लेकिन समाधान नहीं हो रहा है।
-
ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर पंचायत ने ग्रामीणों को कोई प्लॉट दिए हैं और उन पर कब्जा नहीं दिलवाया है तो ग्रामीण सारे कागजात लेकर आ सकते हैं, जो भी कार्रवाई बनेगी वह की जाएगी।
- भजन लाल, बीडीपीओ भूना।