रतिया जेसीबी की सहायता से कब्जा हटाते हुए टीम: संवाद
रतिया। पंचायती राज विभाग की टीम ने गांव एमपी सोतर में जमीन पर किए गए कब्जे को जेसीबी की सहायता से हटवा दिया। इस कार्रवाई की दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिसबल तैनात रहा।
कब्जा हटाओ करवाई के दौरान उप मंडल अधिकारी पंचायती राज कुलदीप सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। ग्राम पंचायत एमपी सोतर में खसरा नंबर 284 व 286 की जमीन पर आंगनबाड़ी बनने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। जिसको देखते हुए ग्राम पंचायत ने आंगनबाड़ी निर्माण के लिए करीब 12 लाख रुपये का टेंडर भी लगा दिया लेकिन इस जमीन पर गांव के एक व्यक्ति ने घरेलू सामान व ईंट इत्यादि डालकर अवैध रूप से कब्जा कर लिया।
जिस कारण आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में सरपंच व अन्य लोगों ने एसडीएम को शिकायत देकर कब्जा हटवाने की मांग की। मंगलवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पंचायती राज विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम कब्जा हटाने के लिए मौके पर पहुंची तो कब्जा धारकों जिसमें विशेषकर महिलाओं ने टीम का विरोध करना शुरू कर दिया। इस पर महिला पुलिस कर्मचारियों ने उन्हें समझाकर वहां से हटा दिया।
वहीं बाद में कब्जाधारकों ने टीम के समक्ष कुछ दस्तावेज दिखाते हुए कहा कि उनके पास कोर्ट का स्टे है, इसलिए कब्जा हटाओ कार्रवाई रोक दी जाए। लेकिन ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने जब दस्तावेज चेक किए गए तो उसमें कहीं भी स्टे का कोई जिक्र नहीं था। इस पर टीम ने कब्जा हटाओ कार्रवाई शुरू कर दी गई और जेसीबी की सहायता से कब्जा हटाकर ग्राम पंचायत को जमीन सौंप दी।
कब्जा हटाओ कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता सुशील बिश्नोई, ग्राम पंचायत के सरपंच, ग्राम सचिव जॉर्ज सिंह, हल्का पटवारी रूप सिंह, पुलिस कर्मचारी व नंबरदार भी मौके पर मौजूद रहे।
रतिया जेसीबी की सहायता से कब्जा हटाते हुए टीम: संवाद