गांव में घूमते हुए आवारा कुत्ते स्त्रोत शिकायतकर्ता
फतेहाबाद। क्षेत्र के खेतों में बढ़ते आवारा कुत्तों से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया से शिकायत की। ग्रामीणों ने समस्या का स्थायी समाधान करने और आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने की मांग की।
ग्रामीण जयसिंह और रामेश्वर ने बताया कि किरढ़ान, सिरढ़ान और बीघड़ क्षेत्र के खेतों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं। इनके कारण बच्चों और बुजुर्गों का अकेले घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि कुत्ते पालतू पशुओं को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। रात के समय झुंड में घूमने से लोगों में हमले भय बना रहता है।
सड़क पर अचानक कुत्तों के आ जाने से दोपहिया वाहन चालक भी दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार जुलाई के अंतिम सप्ताह में इसी तरह की दुर्घटना में भट्टू कलां निवासी बलबीर सिंह की मौत हो गई थी। हादसे में उनके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने और लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने की अपील की।