रतिया जांच करने पहुंचे एडीसी अनुराग ढालिया व एसडीएम सुरेंद्र सिंह व अन्य कमेटी सदस्य :संवाद
रतिया। नगर पालिका के विकास कार्यों में कथित घोटाले की शिकायत पर शुक्रवार को जांच शुरू हो गई। मंत्री कृष्ण बेदी के निर्देश पर एडीसी अनुराग ढालिया और एसडीएम सुरेंद्र सिंह ने शहर के वार्ड नंबर 12, 13, 16 और 17 में मौके पर पहुंचकर विकास कार्यों की पड़ताल की। जांच समिति में अंकित सिंगला, पार्षद गौरव शर्मा और मार्केट कमेटी उपाध्यक्ष कुलवंत सैनी शामिल रहे। नगर पालिका सचिव शुभम भी मौके पर मौजूद रहे।
कुलवंत सैनी ने जिला शिकायत निवारण समिति में शिकायत देकर आरोप लगाया था कि नई स्वीकृत कॉलोनियों में कच्ची गलियों को पक्का करने का टेंडर दिया गया था लेकिन ठेकेदार ने नगर पालिका अधिकारियों की मिलीभगत से पक्की गलियों को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराया। आरोप है कि स्वीकृत नक्शे से अलग स्थानों पर भी गलियों का निर्माण किया गया। इससे सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने और ठेकेदारों को करोड़ों रुपये का लाभ मिलने की बात शिकायत में कही गई है।
पार्षद गौरव शर्मा ने भी आरोप लगाया कि नगर पालिका ने ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए पुरानी पक्की गलियों का दोबारा निर्माण कराया। शिकायत में शहर में बिना नक्शा पास कराए अवैध गोदाम और बाजार विकसित किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
एडीसी अनुराग ढालिया ने समिति सदस्यों के साथ विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मौके की स्थिति देखी और जांच रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट जिला शिकायत निवारण समिति को सौंपी जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।