फतेहाबाद। थाना शहर पुलिस ने सड़क हादसे के आरोपी थार चालक मोहित निवासी भोपाली, जिला चरखी दादरी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया है।
जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि 9 नवंबर को लोकेश निवासी मंडी आदमपुर (हिसार) ने शिकायत दी थी कि उसका भतीजा कर्ण कुमार अपने दोस्तों अनमोल निवासी शक्ति नगर और संयम निवासी सुंदर नगर फतेहाबाद के साथ बाइक पर योग नगर से बीघड़ मोड़ की ओर जा रहा था।
जैसे ही वे लोग योग नगर कट से मिनी बाईपास रोड पर चढ़े, तभी हिसार की ओर से आ रही थार के चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार में चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सभी गंभीर रूप से घायल हुए। कर्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी।
-
घर में घुसकर चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार
फतेहाबाद। थाना शहर पुलिस ने घर में घुसकर गहने चोरी करने के मामले में आरोपी गुरदीप निवासी शेखुपुर सोत्तर को गिरफ्तार किया है। जांच अधिकारी सुरेंद्र ने बताया कि 10 नवंबर को बलविंद्र सिंह निवासी बरसीन ने शिकायत दी थी कि दोपहर 12:30 से 1 बजे के बीच कोई व्यक्ति उसके घर में घुस आया और वहां से 2 सोने की अंगूठी, 1 जोड़ी सोने की बाली, 1 चांदी का कड़ा, 1 चांदी की चेन और 1 घड़ी चोरी कर ले गया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर आरोपी गुरदीप को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरीशुदा गहने भी बरामद कर लिए हैं। संवाद