फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: बाजारों में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, राहगीरों ने ली राहत की सांस

Tue, 23 Jun 2026 10:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
शहर के लालबत्तती चोक के पास अतिक्रमण हटवाती नगर परिषद की टीम। संवाद
विज्ञापन
फतेहाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान बाजारों, मुख्य सड़कों और व्यस्त क्षेत्रों में सड़क तथा फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
विज्ञापन

अधिकारियों ने दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त करते हुए संबंधित दुकानदारों को भविष्य में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि शहर में बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अतिक्रमण की समस्या को प्रमुखता से अमर उजाला में प्रकाशित किया गया था। प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
इसके तहत मंगलवार को नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर शहर के जीटी रोड, लाल बत्ती चौक, पुराना बस स्टैंड, भट्टू रोड, फव्वारा चौक व हंस मार्केट में उन स्थानों को चिन्हित किया जहां अतिक्रमण के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने सड़क और फुटपाथ तक अपना सामान फैला रखा था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। अभियान के दौरान सफाई निरीक्षक महेश कुमार भी मौजूद रहे।
विज्ञापन

उन्होंने टीम के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को सुचारु रूप से संपन्न कराया। अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना भी लगाया जा सकता है। नगर परिषद के अधिकारियों ने कहा कि शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी दिक्कतें आती हैं। इसलिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते रहेंगे। प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर अतिक्रमण न करें ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर बनी रहे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

-

अभियान से दुकानदारों में मचा हड़कंप
शहर में नगर परिषद और ट्रैफिक पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त अतिक्रमण हटाओ अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। जैसे ही अधिकारियों की टीम बाजार क्षेत्र में पहुंची तो सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर कारोबार कर रहे दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदार अपना सामान तुरंत समेटते नजर आए जबकि कुछ व्यापारी जब्ती की कार्रवाई से बचने के लिए सामान हटाने में जुट गए।

शहर के लालबत्तती चोक के पास अतिक्रमण हटवाती नगर परिषद की टीम। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें