फतेहाबाद। शहर पुलिस ने क्रिकेट सट्टा खेलने के लिए राशि लेकर आईडी देने और 15 लाख रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप में फतेहाबाद निवासी साहिल सोनी को गिरफ्तार किया है।
शहर पुलिस ने भट्ठा कॉलोनी निवासी नीरू बाला की शिकायत पर भूषण नागपाल, अमित गिल्होत्रा, राजन ग्रोवर, साहिल सोनी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपी राजन ग्रोवर नगर परिषद उपप्रधान का भाई है। हालांकि बताया जा रहा है कि मामला लेनदेन का है और पंचायत में समझौता हो चुका है।
पुलिस को दी शिकायत में नीरू बाला ने आरोप लगाया था कि उसके पति मुकेश की दुकान पर आरोपी भूषण नागपाल, अमित गिल्होत्रा, राजन ग्रोवर व साहिल सोनी शाम के समय पति के कार्यालय में आकर बैठते और शराब पीते है और क्रिकेट मैच में सट्टा लगवाने का काम करते है। साजिश के तहत आरोपियों ने पति को ज्यादा शराब पिलाकर क्रिकेट मैच में मोटी रकम लगाने के लिए उकसाया गया। आरोपियों ने अपनी आईडी पति को क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने के लिए दे देते थे और पति नशे में क्रिकेट सट्टा हार जाता। आरोप है कि करीब 15 लाख रुपये की राशि क्रिकेट मैच में हार चुका है और कर्जदार हो गया है। पति के पास कर्जा उतारने के लिए राशि नहीं है और लोग पैसे मांग रहे है। आरोप है कि आरोपियों ने जानबूझकर मोटी राशि लेकर सट्टा लगवाया और हरवाया है।