भूना। ऑस्ट्रेलिया भेजने का सपना दिखाकर 17 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी को भूना पुलिस ने पंजाब के अमृतसर जिले के गांव एबेन निवासी मंजीत सिंह उर्फ लड्डू को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंजीत विदेश जाने के इच्छुक युवाओं को झांसा देकर लाखों रुपये हड़प लेता था।
पुलिस के अनुसार, रहनखेड़ी निवासी हरपाल सिंह ने शिकायत दी थी कि उसका भतीजा गुरपेज सिंह ऑस्ट्रेलिया वर्क वीजा पर जाना चाहता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात रिश्तेदार जसपाल सिंह (आहलुपूर, जिला मानसा) से हुई, जिसने बताया कि वह भी विदेश जाने की प्रक्रिया में है और अमृतसर के गांव बोधगिलवाली निवासी मंजीत सिंह को 12 लाख रुपये दे चुका है।
इस पर हरपाल ने भी मंजीत से संपर्क किया। 23 जून 2023 को मंजीत सिंह फतेहाबाद में गुरपेज से मिला और 17 लाख रुपये में ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात तय हुई। उसने पांच लाख नकद और डेढ़ लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। बकाया राशि वीजा मिलने के बाद देनी की बात हुई।
15 अप्रैल 2024 को मंजीत ने फोन कर बताया कि वीजा आ गया है। बाकी 9 लाख रुपये तीन दिन में उसके साथियों बिजेंद्र और रणजीत के दिल्ली स्थित बैंक खातों में जमा करवाने होंगे। आरोपी के कहने पर पीड़ित ने 2 लाख रुपये बिजेंद्र, 4 लाख रुपये रणजीत और 2 लाख रुपये मंजीत के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
भतीजे गुरपेज को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाकर बंद कर लिए फोन :
इसके अलावा 16 अप्रैल को 8 लाख रुपये और 20 अप्रैल को मनी ट्रांसफर सेंटर के माध्यम से 99,996 रुपये जमा करवाए। इस तरह कुल 17 लाख रुपये का भुगतान हो गया, लेकिन तय तिथि पर आरोपियों ने गुरपेज को दिल्ली एयरपोर्ट बुलाकर फोन बंद कर लिए। बाद में जांच में पता चला कि दिखाया गया वर्क वीजा फर्जी था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर मंजीत को गिरफ्तार किया है।