फतेहाबाद में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पकड़ा गया आरोपी मेडिकल के लिए अस्पताल में ले जाने से
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए लाया गया बाइक चोरी का आरोपी पुलिसकर्मियों से हाथ छुड़ाकर भाग गया। कोर्ट में पेश करने से पहले आरोपी का मेडिकल करवाने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ रखा था लेकिन अचानक हाथ छुड़ाकर वह मौके से भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता दिनेश के अनुसार आरोपी को हथकड़ी नहीं लगाई गई थी। इस मामले में हेडकांस्टेबल रविंद्र के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है। शहर थाना पुलिस ने बाइक चोरी के मामले में भूथन खुर्द निवासी सुरजीत उर्फ सुखी को गिरफ्तार किया था। सोमवार दोपहर को हेड कांस्टेबल रविंद्र और होमगार्ड जयबीर आरोपी को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
अस्पताल में पुलिसकर्मी और होमगार्ड आरोपी का हाथ पकड़े हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने झटका देकर हाथ छुड़ाया और भाग गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। आरोपी कबीर बस्ती की ओर होते हुए शहर की तरफ निकल गया। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने कबीर बस्ती और डॉक्टरों के क्वार्टरों सहित आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया।
अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से आरोपी की तलाश में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-
बिजली निगम कार्यालय से चुराई थी बाइक
शहर थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्रा ने बताया कि रवि भाम्भू निवासी गांव भरोखां, जिला सिरसा की शिकायत पर 25 जुलाई को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह 24 जुलाई को किसी कार्य से फतेहाबाद स्थित बिजलीघर आया था। उसने अपनी प्लेटिना बाइक बिजलीघर की पार्किंग में खड़ी की थी। शाम को वापस आने पर बाइक पार्किंग से गायब मिली। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुरजीत उर्फ सुखी निवासी गांव भूथन खुर्द, को गिरफ्तार किया था। आरोपी की निशानदेही पर बाइक बरामद हो चुकी है।
-
आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। हेड कांस्टेबल के लिए विभागीय जांच शुरू की गई है। होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को पत्र लिखा गया है।
- निकिता खट्टर, एसपी