फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां में घर से 1.53 करोड़ की राशि चोरी मामले में पुलिस ने एक और आरोपी गांव बीघड़ निवासी आत्मा सिहं उर्फ अत्तू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। चोरी की राशि से मोटरसाइकिल खरीदा गया था। इस मामले में पहले मुख्य आरोपी गांव मढ़ निवासी कृष्ण गिरफ्तार किया जा चुका है। कृष्ण ने अपने साथियों के साथ मिलकर हिजरावां कलां में विधवा साली के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
हिजरावां कलां निवासी गुरमीत कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पिता और चाचा ने पिछले दिनों हिसार के बीड़ बगला क्षेत्र में जमीन बेची गई थी। जिसकी एक करोड़ 53 लाख की राशि उसके चाचा दलीप सिंह ने उसके पास रखकर गए थे। जिस पर उसने प्लास्टिक के कट्टे में भरे रुपये अपने संदूक में रखकर ताला जड़ दिया था। 19 मई की रात वह अपने बच्चों के साथ आंगन में सोई हुई थी। रात को 3 बजकर 45 मिनट पर अचानक गेट खुलने की आवाज सुनाई दी तो तीन-चार लोग उसने देखे, जिस पर उसने चोर-चोर की आवाज लगाई तो सभी भाग गए और उसके ससुर व पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद देखा तो कमरे के ताले टूटे थे और संदूक का कुंडा भी निकला हुआ था। संदूक से नकदी से भरे दो प्लास्टिक के बैग भी गायब थे। महिला का आरोप था कि अजीतसर निवासी उसके जीजा काला के पास उसके दूसरे जीजा मढ़ निवासी कृष्ण का फोन आया था कि पुलिस के पास मत जाना, रुपये उसके पास है। इसके बाद वह कृष्ण की तलाश करते रहे, वह नहीं मिला। मामले में पुलिस ने आरोपी कृष्ण के खिलाफ मामला दर्ज किया था।