रतिया। एंटी नारकोटिक्स सेल ने साल 2014 के नशा तस्करी के मामले में एक सह आरोपी गांव अजीत नगर निवासी गुरमीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को काबू कर चुकी है। एएनसी सेल प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में पुलिस टीम नाकेबंदी के दौरान गांव बीराबदी नहर पुल पर मौजूद थी। इसी दौरान एक टाटा कैंटर तेज रफ्तार से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकवाने का इशारा करने पर चालक व उसका साथी गाड़ी भगा ले गए, लेकिन गली में फंस जाने पर वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
वाहन की जांच करने पर उसमें तिरपाल के नीचे छिपाए गए 19 कट्टों में भरा चूरा पोस्त और 5 बोरियों में भरा डोडा पोस्त बरामद हुआ। बरामदगी का कुल वजन लगभग 475 किलो चूरा पोस्त और 198 किलो डोडा पोस्त पाया गया। वाहन से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया था। बरामद नशा और गाड़ी को जब्त कर मामला दर्ज किया गया और इस मामले में पहले ही दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब पुलिस ने 11 साल बाद तीसरे सह आरोपी गुरमीत सिंह को भी काबू कर लिया है।