टोहाना। थाना शहर पुलिस ने पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला व उसके बेटों के साथ मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के मामले में मंगलवार को राजनगर निवासी साहिल आरोपी को काबू किया है। इससे पूर्व इस मामले में चार आरोपियों को पहले ही काबू किया जा चुका है।
थाना शहर प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि गांधी नगर निवासी सरोज बाला ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दिनांक 18 नवंबर की शाम घरेलू विवाद के चलते उसकी पुत्रवधू द्वारा मायके पक्ष को बुला लिया गया। देर रात आरोपीगण घर में घुस आए और शिकायतकर्ता सरोज बाला के साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की व मारपीट की। इस दौरान शिकायतकर्ता के बेटों सुनील और मनप्रीत के साथ भी थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की गई तथा उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
कुलदीप सिंह बताया कि घटना में शिकायतकर्ता को गंभीर चोटें आने के कारण पहले नागरिक अस्पताल टोहाना तथा बाद में मेडिकल कॉलेज अग्रोहा में उपचार करवाया गया। शिकायत के आधार पर थाना शहर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता धारा 333, 115(2), 351(2) व 3(5) में प्राथमिकी मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।