भट्टूकलां में पकड़ा गया आरोपी स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद/भट्टूकलां। गांव मेहूवाला में आंगनबाड़ी वर्कर सुदेश और उसके दो बच्चों ज्योति व विनीत की मौत मामले में थाना भट्टू कलां पुलिस ने नामजद आरोपी पति संदीप उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मृतका के भाई प्रवीन निवासी भट्टू कलां की शिकायत पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह ने बताया कि 6 अगस्त को सीएचसी भट्टू कलां से सूचना मिली थी कि मेहूवाला निवासी एक महिला और उसके दो बच्चों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मृतका के मोबाइल फोन से चार वीडियो मिले हैं। इनमें बच्चों को स्प्रे मिली शिकंजी पिलाने और बाद की घटनाओं से संबंधित वीडियो हैं। पुलिस ने वीडियो मिलने के बाद मामले में आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। मृतका के भाई प्रवीन ने शिकायत दी थी कि सुदेश की शादी वर्ष 2014 में संदीप उर्फ काला निवासी मेहूवाला से हुई थी।
प्रवीन के अनुसार दोनों ने प्रेम विवाह किया था। आरोप लगाया कि संदीप उसकी बहन को परेशान करता था। घटना वाले दिन संदीप ने फोन कर महिला और बच्चों के लापता होने की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की तो तीनों घर में बने पानी के कुंड में मृत मिले। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घरेलू प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने यह कदम उठाया।