कुलां। मुख्य चौक के पास स्थित एक कन्फेक्शनरी से नकदी से भरा बैग चोरी करने के मामले में पुलिस ने सोमवार को आरोपी सन्नी निवासी गांव मीरपुर (अग्रोहा) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से 40 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी ने उक्त मोबाइल फोन चुराए गए रुपयों से खरीदा था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सदर थाना टोहाना प्रभारी निरीक्षक वीर सिंह ने बताया कि कुलां निवासी मुकेश गर्ग उर्फ मेशी ने शिकायत दी थी कि उसकी कुलां चौक के पास कन्फेक्शनरी है। 18 जून को सुबह करीब 10 बजे वो दुकान के काम में व्यस्त थे। उस दौरान जब वो कुछ मिनट के लिए दुकान के बाहर आया तो उसकी दुकान के काउंटर में रखा बैग चोरी हो गया था। आरोपी का वारदात कैमरे में कैद हो गई थी। उसी के आधार पर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
बहन के घर आया हुआ था आरोपी तब चुराए रुपये
पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी सन्नी कुलां के समीप स्थित गांव जापतेवाला (खेड़ा) में अपनी बहन के घर आया हुआ था। आरोपी 18 जून को किसी काम के सिलसिले में कुलां आया हुआ था। जब वो चौक के पास खड़ा था तो उसने दुकान मालिक को पैसे का लेनदेन करते वक्त बैग में रुपये देख लिए थे। इसके बाद वो मौका पाकर बैग चुरा कर वहां से भाग निकला था।