फतेहाबाद के रतिया में बुढलाडा रोड बिजली घर के समीप एक कबाड़ की दुकान में रखे वेल्डिंग सिलिंडर में अचानक आग लगने के कारण ब्लास्ट हो गया। जिसके कारण पिता-पुत्र सहित तीन लोग झुलस गए। घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन दुकान मालिक बिरजू व उसके बेटे अनिल की हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार रतिया के बुडलाडा रोड बिजली घर के समीप अरोड़ा कॉलोनी निवासी बिरजू कबाड़ की दुकान चलाता है। दुकान पर आने वाले लोहे के सामान को काटने के लिए कटर और वेल्डिंग का सामान भी है। वेल्डिंग में प्रयोग होने वाले सिलिंडर दुकान के बाहर रखा हुआ था। सिलेंडर में एक दम से ब्लास्ट हुआ और आग लग गई। उस समय दुकान में बिरजू, उसका पुत्र अनिल व एक अन्य रविंद्र नामक शख्स मौजूद थे, तीनों आग से झुलस गए।
ब्लास्ट व आग लगने से अफरा तफरी का माहौल बन गया। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हुए हैं। रविंद्र ने बताया कि वह तीनों दुकान में बैठे थे और बाहर सिलिंडर पड़ा था। अचानक ही उसमें आग लगी और ब्लास्ट हो गया। उसका कहना है कि गर्मी के चलते यह घटना हुई। ब्लास्ट के बाद आग लगने से दुकान के अंदर में बाहर पड़ा लाखों रुपए का सामान चलकर राख हो गया तथा आग लगने से क्षेत्र के बुढलाडा रोड पर धुआ फैल गया ।
जिसके चलते आसपास भारी भीड़ एकजुट हो गई ज्यादा सूचना मिलने पर शहर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। इसके बाद एंबुलेंस को बुलाकर घायलों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। शहर थाना प्रभारी जय सिंह ने बताया कि आग लगने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जिसमें घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से कबाड़ मालिक और उसके बेटे को रेफर किया गया है, फिलहाल पुलिस टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।