भूना। ढाणी भोजराज में एंटी करप्शन ब्यूरो की जांच टीम की गाड़ी घर के बाहर खड़ी हुई
- फोटो : 1
भूना। ढाणी भोजराज में अंतरजातीय प्रेम विवाह पर हुए विवाद और एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामले में रिश्वतखोरी के आरोपों की जांच पर शुक्रवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) सिरसा की टीम ने पीड़ित परिवार और आरोपियों के बयान दर्ज किए। इस बीच शिकायतकर्ता नरेश सोनी ने मामले में डीएसपी संजय बिश्नोई और कथित लेनदेन से जुड़े लोगों का नार्को टेस्ट करवाने की मांग उठाई है।
मामले की पृष्ठभूमि में ढाणी भोजराज में एक अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद युवक के परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया गया था। आरोप है कि गांव के दुकानदारों ने परिवार को सामान देने से भी इन्कार कर दिया जिसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और तीन दुकानदारों को कई महीनों तक जेल में रहना पड़ा था।
शिकायतकर्ता नरेश सोनी का आरोप है कि बाद में गांव के कुछ लोगों ने विभिन्न घरों से लाखों रुपए इकट्ठा किए और यह राशि डीएसपी के रीडर के माध्यम से एक व्यक्ति के जरिए पहुंचाई गई। इसके एवज में केस को कमजोर या खत्म करने की कोशिश की गई। इस संबंध में एसीबी हिसार थाने में रीडर दर्शन लाल के खिलाफ केस भी दर्ज किया जा चुका है। शुक्रवार को एसीबी की दो टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कई लोगों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए।