फतेहाबाद। एंटी नारकोटिक्स सेल ने 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वार्ड 13, रामलीला ग्राउंड, भूना का रहने वाला है। उसके खिलाफ हिसार और फतेहाबाद जिले में पांच प्राथमिकी दर्ज हैं। वह राजस्थान के भरतपुर पुलिस का वांछित था।
एएनसी फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल के नेतृत्व में गठित टीम को आरोपी अभिषेक के बारे में सूचना मिली थी। इस पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। डीएसपी भट्टू कलां जगदीश कुमार ने बताया कि जिला पुलिस वांछित, उद्घोषित और इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में टीम ने अभिषेक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हिसार और फतेहाबाद जिले के विभिन्न थानों में पांच प्राथमिकी दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। आरोपी के पकड़े जाने के बाद एएनसी ने भरतपुर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को भरतपुर पुलिस टीम के सौंप दिया गया।
इनामी बदमाश बना तो बेचने लगा कोल्ड ड्रिंक
जिला पुलिस के अनुसार आरोपी नशा तस्करी के मामले में इनामी बदमाश घोषित हुआ था। आरोपी से वर्ष 2025 में 397 किलो चूरा पोस्त पकड़ा गया था। राजस्थान पुलिस ने इनाम घोषित किया तो आरोपी भूना में कोल्ड ड्रिंक बेच रहा था। पुलिस से बचने के लिए उसने ये काम शुरू किया था। आरोपी बारहवीं कक्षा पास है।
-
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके खिलाफ वर्ष 2010 से 2018 के बीच विभिन्न थानों में पांच प्राथमिकी दर्ज मिली हैं। इनमें मारपीट, घर में घुसकर हमला, लूट तथा जुआ एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। ये मामले हिसार, फतेहाबाद में दर्ज हैं।
- जगदीश कुमार, डीएसपी, भट्टू कलां।